रामगढ़ (झारखंड) : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर गुरुवार को रामगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष ममता देवी के नेतृत्व में समाहरणालय स्थित बिरसा मुंडा प्रतिमा के समीप एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त, रामगढ़ के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक के आरोपों तथा नई दिल्ली में छात्रों के समर्थन में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हुई कार्रवाई का विरोध दर्ज कराया।
ज्ञापन में कांग्रेस ने हाल ही में आयोजित NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक को लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पार्टी का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और छात्रों का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है।
धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ममता देवी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों से जुड़े हर मुद्दे को पार्टी मजबूती से उठाती रहेगी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करती रहेगी।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि 20 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस सांसदों, नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं पर दिल्ली पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
-
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफा लिया जाए।
-
नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं एवं व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में तत्काल चर्चा कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
-
नई दिल्ली में छात्रों एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध दर्ज सभी एफआईआर एवं आपराधिक मामलों को वापस लिया जाए।
