रामगढ़ कैंट (झारखंड) :झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को रांची स्थित आंद्रे हाउस में आयोजित ‘जलवायु अखाड़ा’ कार्यक्रम के दौरान रामगढ के जाने माने सामाजिक कार्यकर्ता एवं अग्रगति के निदेशक किरण शंकर दत्त को पर्यावरण संरक्षण और बाल अधिकार के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। उक्त कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन समेत कई हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी ।
सारथी नेटवर्क की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक सरयू राय सहित देशभर से आए विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं के सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान जलवायु परिवर्तन, सुनिश्चित आजीविका और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों ने विस्तृत विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि “विकसित भारत” की परिकल्पना तभी साकार हो सकती है, जब विकास समावेशी हो और समाज के अंतिम व्यक्ति तक उसके लाभ पहुंचें। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक न्याय और बाल अधिकारों की दिशा में कार्य कर रहे संगठनों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास सतत विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
कार्यक्रम में किरण शंकर दत्त को मिला सम्मान सामाजिक क्षेत्र में उनके लंबे समय से किए जा रहे समर्पित कार्यों की पहचान माना जा रहा है। उनके पर्यावरण संरक्षण, बाल अधिकारों और समुदाय आधारित विकास के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की उपस्थित लोगों ने भी सराहना की।