रामगढ़ (झारखंड): जिला अधिवक्ता संघ, रामगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने संघ के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल के नेतृत्व में झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति दीपक रोशन से रांची स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया और व्यवहार न्यायालय परिसर में डीएमएफटी (DMFT) मद से निर्मित अधिवक्ता कार पार्किंग शेड के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया।
जिला अधिवक्ता संघ के अनुरोध को स्वीकार करते हुए न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने 10 अगस्त 2026 को रामगढ़ व्यवहार न्यायालय परिसर में नवनिर्मित अधिवक्ता कार पार्किंग शेड का उद्घाटन करने की सहमति प्रदान की। उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल है।
मुलाकात के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने न्यायमूर्ति दीपक रोशन को रामगढ़ व्यवहार न्यायालय में कार्यरत अधिवक्ताओं की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से भी अवगत कराया। साथ ही न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनाने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने न्यायमूर्ति को यह भी जानकारी दी कि जिला अधिवक्ता संघ के लिए जी प्लस-4 (G+4) नए भवन का निर्माण शीघ्र शुरू होने वाला है। इस परियोजना के लिए राज्य सरकार द्वारा लगभग 4.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है तथा निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इस पर न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने जिला अधिवक्ता संघ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नए भवन के निर्माण से अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ के महासचिव सीताराम, उपाध्यक्ष ऋषि महतो, कोषाध्यक्ष हरखनाथ महतो तथा कार्यकारिणी सदस्य सुबोध पांडे भी उपस्थित रहे।