रामगढ़ (झारखंड) :भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ कैंट मंडल की मासिक बैठक सोमवार शाम मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मंडल प्रभारी शैलेन्द्र कुमार पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ 4 अगस्त को आयोजित होने वाले कलश वंदन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर नेहरू रोड स्थित शंभू शिवालय मंदिर से प्रस्तावित कलश वंदन कार्यक्रम का भव्य स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही शक्ति केंद्रों एवं बूथ समितियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इस अवसर पर भाजपा रामगढ़ कैंट मंडल की ओर से प्रो संजय सिंह को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोनीत किए जाने पर अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनके मनोनयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि कलश वंदन कार्यक्रम केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन और समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
मंडल प्रभारी शैलेन्द्र कुमार पटेल ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए समाज के सभी वर्गों को इस आयोजन से जोड़ने का प्रयास करे। उन्होंने संगठन की मजबूती और सामाजिक समरसता को भाजपा की प्राथमिकता बताया।
बैठक में संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई। 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट) का बूथ स्तर पर गहन परीक्षण करने का निर्णय लिया गया। कार्यकर्ताओं को पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार और आवश्यक दावों एवं आपत्तियों की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा पिछली बैठक में तय कार्ययोजना की समीक्षा की गई। निर्णय लिया गया कि प्रत्येक माह प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को बूथ स्तर पर सामूहिक रूप से सुना जाएगा तथा उसके बाद बैठक आयोजित कर क्षेत्र की जनसमस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक का संचालन महामंत्री सौरभ जायसवाल ने किया, जबकि सोशल मीडिया प्रभारी सुदीप मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। बैठक में मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।