बीएफसीएल में पौधारोपण अभियान, 50 पौधे लगाकर हरित पर्यावरण का दिया संदेश

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) परिसर में हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से सोमवार को पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कंपनी परिसर में करीब 50 पौधों का रोपण किया गया।

इस अवसर पर बीएफसीएल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सभी प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

बीएफसीएल द्वारा समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। यह पौधारोपण अभियान भी उसी कड़ी का महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसका उद्देश्य हरित वातावरण को बढ़ावा देना और प्रकृति के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का निर्वहन करना है।