15 अगस्त को पेंशनर कार्यालय में होगा झंडोत्तोलन, जिला पेंशन अदालत की कार्रवाई पर भी हुई चर्चा
रामगढ़ कैंट, झारखंड : झारखंड पेंशनर कल्याण समाज, जिला रामगढ़ कार्यकारिणी की मासिक बैठक सोमवार को पुराना अनुमंडल परिसर स्थित जिला कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने की। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों के साथ आगामी कार्यक्रमों और पेंशनरों से संबंधित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई। इसके बाद दिलीप साहा ने एक अगस्त को आयोजित जिला पेंशन अदालत में हुई कार्रवाई की जानकारी उपस्थित सदस्यों के समक्ष रखी। पेंशनरों से जुड़े मामलों और अदालत में हुई कार्रवाई को लेकर भी चर्चा की गई।
मार्च तक त्रिवार्षिक सम्मेलन कराने का निर्णय
बैठक में आगामी 15 अगस्त के आयोजन की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला कार्यालय परिसर में सुबह 11:15 बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा।
इस दौरान जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने संगठन के त्रिवार्षिक सम्मेलन के आयोजन का मुद्दा उठाया। चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी मार्च 2027 तक हर हाल में त्रिवार्षिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारी को लेकर आगे आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने पर भी सहमति बनी।
दिवंगत पेंशनर जेठू करमाली को दी श्रद्धांजलि
बैठक के समापन पर पेंशनर जेठू करमाली के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
बैठक में जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह, उपाध्यक्ष वृंदावन सिंह, कोषाध्यक्ष छुन्नू साहू, संरक्षक पन्ना लाल राम, कार्यालय सचिव अशोक गुप्ता, दिलीप साहा, सुधीर किशोर तिवारी, पन्नू रजक, राम नन्दन प्रसाद, रामप्रसाद महतो, दूधेश्वर महतो, दर्शैया प्रसाद, महावीर राम दास, सत्येंद्र प्रसाद, मधेश्वर महतो, बालगोविंद करमाली समेत अन्य पेंशनर उपस्थित रहे।