पतरातू डैम के चार गेट खुले, नलकारी और दामोदर नदी का बढ़ा बहाव; प्रशासन ने जारी की सावधानी रखने की अपील 

Spread the love

पतरातू (रामगढ़), झारखंड : पतरातू डैम के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए डैम के कुल चार फाटकों से पानी की निकासी शुरू कर दी गई है। इसके बाद नलकारी नदी के बहाव में तेजी आई है, जिसका असर दामोदर नदी के जलस्तर पर भी पड़ रहा है।

मौजूदा स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने डैम, नदी और जलधारा के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे पानी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।

चार फाटकों से हो रही पानी की निकासी

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात नौ बजे करीब  डैम के 4 और 5 नंबर गेट खोले गए थे। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए आज बुधवार ko 3 और 6 नंबर गेट भी खोल दिए गए। इस तरह फिलहाल चार फाटकों के माध्यम से अतिरिक्त पानी बाहर निकाला जा रहा है।

फाटकों को  खोले जाने से लगभग 800 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी है। पानी की निकासी शुरू होने के बाद नलकारी नदी में बहाव तेज हो गया है और इसका प्रभाव आगे दामोदर नदी पर भी दिखाई दे रहा है।

छिन्नमस्तिका मंदिर क्षेत्र में भी बढ़ सकता है जलस्तर

डैम से पानी छोड़े जाने के कारण दामोदर नदी के जलस्तर में और वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। इसका असर रजरप्पा स्थित प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका मंदिर के आसपास नदी क्षेत्र में भी पड़ सकता है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने और आवागमन करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा है।

लाउडस्पीकर से कराया गया सुरक्षा अलर्ट

फाटक खोलने से पहले जिला प्रशासन के निर्देश पर पीटीपीएस परिसंपदा पदाधिकारी विवेक कुमार की ओर से आसपास के इलाकों में लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को सतर्क किया गया। लोगों से नदी के किनारे नहीं जाने और अपने मवेशियों को भी जलधारा के पास नहीं ले जाने की अपील की गई।

तेज बहाव देखने पहुंच रहे लोगों से सावधान रहने की अपील

डैम के आसपास पानी के तेज बहाव को देखने और तस्वीरें लेने के लिए लोगों के पहुंचने की सूचना है। स्थानीय स्तर पर भी लोगों को समझाया जा रहा है कि वे सुरक्षा घेरा या सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी भी स्थिति में पानी के नजदीक जाकर जोखिम न उठाएं।

विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को नदी तथा डैम के आसपास नहीं जाने देने की अपील की गई है। मवेशियों को भी जलधारा से दूर रखने को कहा गया है।

प्रशासन की स्थिति पर नजर

रामगढ़ के उपायुक्त श्री ऋतुराज और जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे डैम के फाटकों, नदी के किनारे और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। प्रशासन के अनुसार पानी छोड़े जाने के बाद नलकारी और दामोदर दोनों नदियों में बहाव बढ़ सकता है।

फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।