रामगढ़ कैंट, झारखंड :मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (सीएम एसओई) गर्ल्स रामगढ़ में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा कार्यक्रम के तहत छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी रामगढ़ श्री अभय कुमार शील एवं जिला शिक्षा अधीक्षक श्रीमती खुशबू कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर रामगढ़ कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंहा, ब्लैक बेल्ट 7 डान, सचिव श्री शशि पांडे, प्राचार्या श्रीमती पूनम अग्रवाल, एडीपीओ श्री अनूप माइकल केरकेट्टा एवं एपीओ श्री कुमार राज सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
जिले के 77 विद्यालयों में होगा आत्मरक्षा प्रशिक्षण
रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा कार्यक्रम के तहत रामगढ़ जिले के 70 माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में तीन माह तथा 7 पीएम श्री विद्यालयों में छह माह तक छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण की जिम्मेदारी रामगढ़ जिला कराटे एसोसिएशन को सौंपी गई है। जिला कराटे एसोसिएशन झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन का सदस्य भी है।
कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को मिलेगा प्रशिक्षण
कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को आत्मरक्षा की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें विषम परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने के लिए सक्षम बनाना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के बेहतर संचालन और निगरानी के लिए जिले के प्रत्येक प्रखंड में एक-एक शारीरिक शिक्षा शिक्षक को नोडल शिक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। ये नोडल शिक्षक अपने-अपने क्षेत्र में प्रशिक्षण कार्यक्रम के समन्वय का कार्य करेंगे।
छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण छात्राओं के शारीरिक और मानसिक आत्मविश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से छात्राओं को आपात परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए आवश्यक कौशल प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में दीपक कुमार सिंह, फैयाज अहमद, शिशुपाल जी, शेखर कुमार सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।