शिवाजी रोड के बांके बिहारी राधा रानी किला मंदिर में श्रद्धा और उल्लास से मनाई गई राधा अष्टमी

Spread the love

राधा रानी के जन्मोत्सव पर गूंजे जयकारे, महिलाओं ने भजन-कीर्तन से भक्तिमय बनाया वातावरण

रामगढ़ कैंट, झारखण्ड  :  शिवाजी रोड स्थित बांके बिहारी राधा रानी किला मंदिर में शनिवार को राधा अष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। राधा रानी के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दोपहर 12 बजे शंखध्वनि और घंटियों की गूंज के बीच राधा रानी का जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

जन्मोत्सव के अवसर पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया। राधा रानी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा और श्रद्धालु भक्ति एवं आनंद में डूबे नजर आए। पूजा-अर्चना के दौरान राधा रानी को विभिन्न प्रकार के मिष्ठान, फल एवं अन्य प्रसाद का भोग अर्पित किया गया।

विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हुई आरती

मंदिर के प्रधान पुजारी सह ज्योतिषाचार्य पंडित गोविंद बल्लभ शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती संपन्न कराई। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और राधा रानी से सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

प्रेम, भक्ति और समर्पण का पर्व है राधा अष्टमी

प्रधान पुजारी पंडित गोविंद बल्लभ शर्मा ने कहा कि राधा अष्टमी प्रेम, भक्ति और समर्पण का पर्व है। राधा रानी की आराधना से मनुष्य के जीवन में भक्ति, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धार्मिक आस्था के साथ सेवा, प्रेम और सद्भावना के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

मौके पर रूपा, पुष्पा, पूजा, विद्या, रजनी, रासबिहारी, चंदन, अंकित, मुरारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।