मुआवजा भुगतान के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने हटाया जाम, पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त
कुजू (रामगढ), झारखण्ड : कुजू ओपी क्षेत्र के बोंगावार ओवरब्रिज के समीप शनिवार को रांची-हजारीबाग फोरलेन सड़क पर सड़क दुर्घटना में ट्रैक्टर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया गया कि गोबर लदे ट्रैक्टर के पीछे से पास लेने के दौरान एक हाईवा डंपर ट्रैक्टर से टकरा गई। दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार 50 वर्षीय गंगाजल महतो, पिता स्व. भोना महतो, निवासी छोटकीपोना, रामगढ़ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, उक्त ट्रैक्टर पर नया मोड़ कुजू से बड़कीपोना गोबर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बोंगावार ओवरब्रिज के समीप पीछे से पास लेने के क्रम में हाईवा ट्रैक्टर से टकरा गई।
शव के साथ ग्रामीणों ने फोरलेन किया जाम
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने डांड़ी प्रखंड उप प्रमुख सुमन देवी के नेतृत्व में करीब दोपहर 3:30 बजे रांची-हजारीबाग फोरलेन सड़क के दोनों लेन को जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
सूचना मिलते ही कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क जाम हटाने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया। कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, पुअनि अभिनव कुमार, अरविंद कुमार सिंह एवं रवि शर्मा ने ग्रामीणों को समझाकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया।
पुलिस की समझाइश के बाद रांची से हजारीबाग की ओर जाने वाले लेन पर करीब दो घंटे बाद यातायात चालू कराया गया। वहीं दूसरे लेन पर ग्रामीण शव के साथ जमे रहे।
हाईवा मालिक से वार्ता के आश्वासन पर हटा जाम
मुआवजा भुगतान को लेकर हाईवा मालिक के साथ वार्ता कराने का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने दूसरे लेन से भी जाम हटा लिया। ग्रामीणों के साथ पोना गांव में वार्ता कराए जाने की बात कही गई। इसके बाद कुजू पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सड़क जाम के कारण फोरलेन पर यातायात सामान्य कराने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इधर, कुजू पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर के साथ हाईवा संख्या जेएच 09 एबी 7636 को भी कब्जे में ले लिया है।