पुश्तैनी जमीन पर बस स्टैंड बनाने का विरोध, ग्रामीणों ने दूसरे स्थान पर निर्माण की मांग की
कुजू, (रामगढ), झारखंड : क्षेत्र के पैंकी में प्रस्तावित बस स्टैंड को लेकर रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर शनिवार को शिव मंदिर परिसर लोडुबा में शिविर लगाया गया। शिविर के दौरान स्थानीय आदिवासी परिवारों के लोगों ने प्रस्तावित बस स्टैंड के लिए चिह्नित जमीन को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
शिविर में सीआई सुभाष प्रजापति, राजस्व कर्मचारी रविभूषण ठाकुर और अमीन बैजनाथ विश्वकर्मा मौजूद रहे। वहीं नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता मुंडा एवं वार्ड संख्या छह के पार्षद संदीप कुमार भी शिविर में शामिल हुए।
स्थल निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने जताया विरोध
शिविर के बाद संबंधित अधिकारी और कर्मी प्रस्तावित बस स्टैंड की जमीन का स्थल निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने पुरजोर विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने प्रस्तावित स्थल पर बस स्टैंड बनाए जाने पर आपत्ति जताते हुए दूसरे स्थान पर बस स्टैंड का निर्माण करने की मांग की।
स्थिति सामान्य होने के बाद कुछ ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी जमीन से संबंधित कागजात भी प्रस्तुत किए। ग्रामीणों ने कहा कि वे लोग इस क्षेत्र में वर्षों से पुश्त-दर-पुश्त निवास करते आ रहे हैं और प्रस्तावित जमीन उनकी पुश्तैनी जमीन है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे अपनी पुश्तैनी जमीन पर बस स्टैंड का निर्माण नहीं होने देंगे। उन्होंने प्रशासन से ग्रामीणों की आपत्तियों और जमीन संबंधी दस्तावेजों पर विचार करते हुए अन्य स्थान पर बस स्टैंड निर्माण की मांग की।