अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस पर गांधी चौक में प्रार्थना सभा, युद्ध रहित विश्व का दिया संदेश

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड  :  अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर शांतिधारा फाउंडेशन के सौजन्य से रविवार को गांधी चौक रामगढ़ में युद्ध रहित विश्व के समर्थन में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न युद्धों में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और विश्व शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत पिछले एक वर्ष के दौरान विभिन्न युद्धों में मारे गए लोगों की दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके बाद मोमबत्ती जलाकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने विश्व में शांति और आपसी सद्भाव की कामना करते हुए सामूहिक शांति पाठ किया।

शांतिधारा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल ने कहा कि युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। जिन देशों के बीच किसी प्रकार का टकराव या विवाद है, उन्हें बातचीत और आपसी संवाद के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युद्ध रहित विश्व से ही पूरी मानवता का कल्याण संभव है।

फाउंडेशन के कार्यकारी अध्यक्ष गोविंद लाल अग्रवाल ने कहा कि युद्ध का सबसे अधिक प्रभाव महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है। इसके अलावा युद्ध के कारण महंगाई बढ़ने से पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था प्रभावित होती है।

उपाध्यक्ष डी.पी. सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में दो देशों के बीच होने वाला युद्ध केवल उन्हीं देशों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका असर पूरी दुनिया पर पड़ता है।

मानद सचिव मनजीत साहनी ने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि युद्ध से व्यापक तबाही होती है और मानव समाज को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।

कार्यक्रम में रतन कुमार जैन, अशोक कुमार जैन, हनुमान प्रसाद गुप्ता, प्रो. प्रणीत कुमार, प्रो. पूर्ण कांत सहित कई प्रबुद्ध लोग उपस्थित थे।