कोडरमा स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन की अंतिम बोगी में लगी आग, समय रहते पाया गया काबू

Spread the love

कोडरमा,  झारखंड  :   कोडरमा जंक्शन पर गुरुवार को कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन की अंतिम बोगी में अचानक आग लगने से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन कोडरमा से हजारीबाग टाउन होते हुए बरकाकाना जाने वाली 53373 कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर थी। घटना के समय ट्रेन प्लेटफॉर्म संख्या एक पर खड़ी थी और दोपहर 3:15 बजे रवाना होने वाली थी।

यात्रियों ने अंतिम बोगी से धुआं निकलते देखा और तत्काल इसकी सूचना रेलकर्मियों को दी। सूचना मिलते ही रेलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग से प्रभावित अंतिम कोच को ट्रेन से अलग कर दिया।

इसके बाद आरपीएफ कर्मियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। प्राथमिक स्तर पर सात फायर स्टिंगर और रेल परिसर में लगे नल से पाइप के माध्यम से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझा दिया।

बताया गया कि जिस अंतिम कोच में आग लगी थी, वह दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित था। घटना के समय इस कोच में कोई यात्री सवार नहीं था। ट्रेन के अन्य कोचों में यात्री मौजूद थे।

घटना के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या एक पर बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। यात्रियों के अनुसार ट्रेन में बैठने के दौरान अचानक कुछ जलने की गंध महसूस हुई। बाहर निकलकर देखने पर पीछे वाली बोगी से तेज धुआं निकलता दिखाई दिया।

आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ कर्मी मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं अग्निशमन कार्य में सहयोग किया।

स्टेशन मास्टर विकास कुमार ने बताया कि ट्रेन के रवाना होने से कुछ ही देर पहले अंतिम बोगी से धुआं निकलने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया गया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को पूरी तरह बुझा दिया।

आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।