गोला प्रखंड सह अंचल कार्यालय का उपायुक्त ऋतुराज ने किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मियों के वेतन पर रोक

Spread the love

बंद कार्यालयों के अधिकारियों को नोटिस, अंचल अधिकारी से मांगा जवाब; सीसीटीवी कैमरे चालू करने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

गोला (रामगढ़), झारखंड : सरकारी कार्यालयों में कार्य संस्कृति सुधारने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और आमजनों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त ऋतुराज ने सोमवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय गोला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति, सरकारी योजनाओं की प्रगति, जन शिकायतों के निष्पादन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लंबित आवेदनों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड कार्यालय में अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों एवं कर्मियों के उस दिन के वेतन पर रोक लगाते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी, गोला से स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं, जिन कार्यालयों में ताला लगा पाया गया, उनके संबंधित प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब देने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में समय पर उपस्थिति दर्ज कराना और नियमित रूप से कार्यों का निष्पादन करना सभी अधिकारियों एवं कर्मियों की जिम्मेदारी है।

वीबी-जी राम जी योजना के भुगतान की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत लाभुकों को किए जा रहे भुगतान की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं करने का निर्देश दिया।

लंबित शिकायतों और सामाजिक सुरक्षा आवेदनों का करें निष्पादन

उपायुक्त ने कार्यालय में लंबित जन शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत प्राप्त एवं लंबित आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए और आवेदन निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

अंचल कार्यालय में अनावश्यक प्रवेश पर जताई नाराजगी

अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान परिसर में अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों के मामले को उपायुक्त ने गंभीरता से लिया। उन्होंने अंचल अधिकारी, गोला को निर्देश दिया कि कार्यालय में अनावश्यक रूप से आने वाले व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए, ताकि सरकारी कार्यों में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो। इस मामले में अंचल अधिकारी को सख्त नोटिस जारी करते हुए संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

सीसीटीवी कैमरे चालू करने का निर्देश

उपायुक्त ने अंचल कार्यालय सहित संबंधित कार्यालयों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह क्रियाशील करने और इसकी स्थिति से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही पूर्व में किए गए निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर अनुपालन प्रतिवेदन सौंपने को कहा।

निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यालय की आधारभूत संरचना और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी निर्धारित लक्ष्यों, सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता आमजनों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और सरकारी कार्यालयों में जवाबदेही एवं कार्य संस्कृति को मजबूत करना है।