
रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ पुलिस ने नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड के पास से बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके तीन अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। बरामद इंजेक्शन की संख्या 1085 एम्पुल बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 की रात पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत को गुप्त सूचना मिली थी कि रामगढ़ बस स्टैंड के समीप कुछ लोग नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री के लिए मौजूद हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. अकरम रजा के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस को देखते ही भागने लगे चार युवक
छापामारी दल जब बस स्टैंड के पास पहुंचा तो पुलिस की भनक लगते ही वहां मौजूद चार युवक भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया। उसके हाथ में एक कार्टन था। पकड़े गए युवक की पहचान आकाश कुमार (26 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आकाश कुमार वर्तमान में रामगढ़ के ब्लॉक चौक नायक टोला स्थित राजमनी देवी के मकान में किराये पर रहता है। उसका स्थायी पता बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ थाना क्षेत्र स्थित बड़ी दरगाह, झींगनगर संगतपर बताया गया है।
कार्टन से 1085 नशीले इंजेक्शन बरामद
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कार्टन में नशीले इंजेक्शन होने की जानकारी दी। पुलिस ने कार्टन की तलाशी ली तो उसमें Pentazocine Injection I.P. 30mg/ml (TAZOWIN) के कुल 1085 एम्पुल बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में इन इंजेक्शनों को अपने तीन फरार सहयोगियों के साथ अलग-अलग स्थानों से लाकर बेचने की बात बताई। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उसके पास से बरामद इंजेक्शन का कार्टन गया, बिहार से मंगाया गया था।
बरामद दवाओं की औषधि निरीक्षक, रामगढ़ से जांच कराई गई। पुलिस के अनुसार जांच में बरामद इंजेक्शन प्रतिबंधित श्रेणी के तथा नारकोटिक एवं साइकोट्रॉपिक पदार्थों से संबंधित पाए गए। पुलिस का कहना है कि बिना चिकित्सकीय पर्चे के इतनी मात्रा में इनका रखना अवैध है।
दो मोबाइल फोन भी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से नशीले इंजेक्शनों के अलावा आईटेल कंपनी के दो की-पैड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
इस मामले में रामगढ़ थाना कांड संख्या 263/2026, दिनांक 25 सितंबर 2026 के तहत NDPS Act, 1985 की धारा 20(b) तथा Drugs and Cosmetics Act, 1940 की धारा 27(b)(ii)/18(c) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
फरार आरोपियों और नेटवर्क की तलाश
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार तीन अन्य प्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही नशीली दवाओं की आपूर्ति और बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने तथा इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए भी आगे की जांच जारी है।
छापामारी दल में शामिल पुलिसकर्मी :