रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ व्यवहार न्यायालय परिसर में प्रस्तावित जी+3 जिला अधिवक्ता संघ भवन का भव्य एवं गरिमामय समारोह के बीच शिलान्यास किया गया। झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सह रामगढ़ जिले के जोनल जज दीपक रोशन ने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर नए भवन की आधारशिला रखी।
जिला अधिवक्ता संघ, रामगढ़ के तत्वावधान में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति दीपक रोशन के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सारिका भूषण की भी गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं पौधे भेंट कर अभिनंदन के साथ हुई।
समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मो.तौफीकुल हसन, उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय राजीव आनंद तथा प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विशाल श्रीवास्तव, रामगढ़अधिवक्ता संघ केअध्यक्ष आनंद अग्रवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन “न्याय केवल अधिकार नहीं, एक उत्तरदायित्व भी है” तथा “सशक्त अधिवक्ता, सशक्त न्याय, सशक्त समाज” जैसे संदेशों के साथ किया गया।
न्याय व्यवस्था की रीढ़ हैं अधिवक्ता : न्यायमूर्ति दीपक रोशन
समारोह को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने कहा कि एक सशक्त और जीवंत न्याय प्रणाली की रीढ़ उसके अधिवक्ता होते हैं। आम लोगों को सुगम, त्वरित, पारदर्शी और न्यायसंगत राहत दिलाने में अधिवक्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य माहौल और आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से युक्त आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना वर्तमान समय की आवश्यकता है। प्रस्तावित जी+3 बहुमंजिला अधिवक्ता संघ भवन से वकीलों को बैठने, अध्ययन करने और दैनिक न्यायिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही, इससे रामगढ़ जिले में न्यायिक आधारभूत संरचना को भी मजबूती मिलेगी।
पीठ और बार में बेहतर समन्वय जरूरी : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मो. तौफीकुल हसन ने कहा कि न्याय प्रक्रिया को सुगम और प्रभावी बनाने के लिए पीठ और बार के बीच बेहतर समन्वय एवं तालमेल आवश्यक है। न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता आपसी सामंजस्य के साथ कार्य करेंगे तो आम जनता को त्वरित और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने नए भवन के शिलान्यास पर जिला अधिवक्ता संघ के सभी सदस्यों को बधाई दी और कहा कि यह नई आधारभूत संरचना न्यायिक कार्यप्रणाली को और सुदृढ़ करने में सहायक होगी।
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण में सहयोग का आश्वासन
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन न्यायपालिका के साथ निरंतर समन्वय बनाकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज और न्यायालय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जी+3 अधिवक्ता संघ भवन के निर्माण से स्थानीय अधिवक्ताओं के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले वकीलों और फरियादियों को भी कार्य निष्पादन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने भवन के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।
समारोह के अंत में उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों, जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।