जिला गंगा समिति की बैठक में नमामि गंगे और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यों की समीक्षा

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शनिवार को जिला गंगा समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में समिति के सभी सदस्य एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी वर्चुअल रूप से शामिल हुए।

बैठक के दौरान नमामि गंगे योजना के तहत जिले में पूर्व में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं उनकी प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजना के निर्धारित उद्देश्यों को पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में आगामी स्वच्छता अभियानों की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’, ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा विशेष अभियान’ के सफल आयोजन को लेकर कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।

उपायुक्त ने अभियानों के दौरान आम लोगों के बीच व्यापक जन-जागरूकता फैलाने, स्वच्छता को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को अपने-अपने स्तर से सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा बैठक में जिले में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण कार्य की अद्यतन प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाते हुए गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्माण कार्य निर्धारित समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समीक्षा बैठक का समापन हुआ।