रामगढ़, झारखंड :सड़क किनारे, विशेषकर नो-पार्किंग जोन में भारी एवं मालवाहक वाहनों की पार्किंग के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के निर्देश पर परिवहन विभाग ने मंगलवार को अहले सुबह विशेष जांच अभियान चलाया।
अभियान के तहत परिवहन विभाग की टीम ने एनएच-33 एवं एनएच-23 के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर औचक जांच की। इस दौरान सड़क किनारे तथा नो-पार्किंग जोन में खड़े भारी एवं मालवाहक वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई।
जांच के दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों के साथ सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन की भी पड़ताल की गई। टीम ने वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान कुल 21 वाहनों की जांच की गई। इनमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 6 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 71,950 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार, सड़क किनारे और नो-पार्किंग जोन में भारी वाहनों की अनाधिकृत पार्किंग से आवागमन बाधित होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती है। प्रशासन ने वाहन चालकों एवं मालिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।
उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से आगे भी नियमित जांच अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।