दुर्गा पूजा को लेकर रामगढ़ प्रशासन मुस्तैद, डीसी-एसपी ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण

Spread the love

रामगढ़, झारखंड  :  आगामी शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रामगढ़ जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़ कृष्ण मुरारी तिर्की, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ जिले के विभिन्न पूजा पंडालों एवं मेला परिसरों का औचक निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने बड़काकाना स्थित पूजा पंडाल का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, पार्किंग, जन-सुविधाओं, झूले एवं स्टॉलों के लेआउट की जानकारी ली। इस दौरान पूजा समितियों को निर्धारित सरकारी दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुमंडल पदाधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के बिना मेला परिसर में कोई झूला, व्यावसायिक दुकान अथवा खान-पान का स्टॉल नहीं लगाया जा सकेगा। अनुमति देने से पहले संबंधित गतिविधियों के सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी।

अग्निकांड जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पूजा पंडालों एवं खाद्य स्टॉलों में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखना अनिवार्य किया गया है। वहीं, मेला परिसर में बड़े व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा मेला क्षेत्रों एवं पंडालों के आसपास निर्बाध पेयजल, क्रियाशील सचल शौचालय, व्यवस्थित वाहन पार्किंग और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की जा रही है। सभी पूजा पंडालों एवं संवेदनशील स्थानों पर उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और उनकी लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए पूजा समितियों के वालंटियर्स के साथ पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

महिलाओं एवं बुजुर्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चेन स्नेचिंग और पॉकेटमारी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सादे लिबास में विशेष एंटी-स्नेचिंग टीमों की तैनाती भी की जाएगी।

प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। सभी पूजा समितियों को प्रशासन द्वारा पूर्व निर्धारित एवं स्वीकृत विसर्जन रूट का शत-प्रतिशत पालन करना होगा। विसर्जन मार्ग में किसी भी प्रकार के बदलाव की अनुमति नहीं होगी।

जिला प्रशासन ने पूजा समितियों, आयोजकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा दुर्गा पूजा का आयोजन आपसी सद्भाव, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में करें।