भुरकुंडा (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी एवं जुबली कॉलेज, भुरकुंडा के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कॉलेज के विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर में करीब 22 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। रक्तदान करने वालों में छात्राओं की भी अच्छी संख्या रही।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जुबली कॉलेज की सचिव श्रीमती उर्मिला सिंह, रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन अनूप कुमार, इंद्रपाल सिंह सैनी, बिनय कुमार सिंह, जुबली कॉलेज के प्राचार्य बालकृष्णन एवं डॉ. रेणु कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि उर्मिला सिंह ने रक्तदान टीम एवं रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए स्वस्थ लोगों को इस मानवीय कार्य के लिए आगे आना चाहिए।
शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों ने इसे मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अन्य लोगों से भी नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। आयोजनकर्ताओं ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
शिविर में जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से लैब टेक्नीशियन संजु कुमारी, कुंदन कुमार एवं ममता कुमारी ने चिकित्सा टीम के साथ सहयोग किया।
मौके पर जुबली कॉलेज के प्रो. आलोक कुमार, टी.के. झा, सुरेश सिंह, बालमुकुंद, मनोज प्रसाद, कृष्णा कुमार, नर्मदेश्वर पांडेय, एस.एस. पांडेय, गोपाल विश्वकर्मा, सुरेश प्रसाद दांगी, राजेश कुमार, विशेश्वर रविदास, मनोज कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं मुन्ना ओझा, किशोर कुमार अकेला समेत अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
शिविर को सफल बनाने में रेडक्रॉस सोसायटी, जुबली कॉलेज के शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं चिकित्सा टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजनकर्ताओं ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।