रामगढ़, झारखंड : स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत गुरुवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के नेतृत्व में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के तहत नगर परिषद कार्यालय परिसर, जज कॉलोनी, समाहरणालय परिसर, मौलाना अबुल कलाम आजाद पार्क रोड, सदर अस्पताल परिसर सहित अन्य स्थानों पर साफ-सफाई की गई। संबंधित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने श्रमदान कर सार्वजनिक स्थलों की सफाई में सहभागिता की।
उपायुक्त ऋतुराज ने स्वयं श्रमदान करते हुए अभियान में भाग लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समाहरणालय परिसर के आसपास, व्यवहार न्यायालय परिसर, प्रमुख मार्गों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्वच्छता कार्यों की लगातार निगरानी करने और चिन्हित स्थलों पर नियमित स्वच्छता गतिविधियां संचालित करने को कहा।
इस दौरान उपायुक्त ने जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मियों एवं सफाई कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उपस्थित लोगों ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने आमजनों से सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने, कचरे का निर्धारित स्थान पर निपटान करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों के साथ नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, सैनिटरी सुपरवाइजर, जमादार एवं सफाई कर्मियों ने भी विभिन्न स्थलों पर आयोजित स्वच्छता गतिविधियों में हिस्सा लिया और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
नगर परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आम नागरिकों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने लोगों से नगर परिषद की ओर से संचालित स्वच्छता गतिविधियों में सहयोग करने की अपील की।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों के संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित स्थलों पर ही कचरा डालने और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम में सभी वार्ड पार्षद, नगर प्रबंधक, सैनिटरी सुपरवाइजर, जमादार, सफाई कर्मी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।