विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण 2026 को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के सफल एवं पारदर्शी संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में गुरुवार को जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जारी किए गए नोटिसों की सुनवाई तथा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के भौतिक सत्यापन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ऋतुराज ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से छूटने न पाए।

उपायुक्त ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर छूटे हुए मतदाताओं की पहचान करने तथा मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करने का कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए नोटिस प्राप्त होने के बाद संबंधित दस्तावेज घर बैठे ऑनलाइन भी जमा किए जा सकते हैं। इसके लिए मतदाता वोटर हेल्पलाइन अथवा भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in का उपयोग कर सकते हैं।

उपायुक्त ने जिले के सभी योग्य नागरिकों एवं राजनीतिक दलों से अपील की कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने में जिला प्रशासन को सक्रिय सहयोग करें।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी रवीन्द्र कुमार गुप्ता सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, जिला निर्वाचन कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।