रामगढ़ शहर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, कई जगहों पर जेसीबी से हटाया गया अतिक्रमण

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड  :  रामगढ़ शहर में गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे शुरू हुआ अभियान अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में रामगढ़ छावनी परिषद कार्यालय के समीप से शुरू किया गया।

अभियान में रामगढ़ छावनी परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल रहे। प्रशासन की टीम ने शहर के मेन रोड, सुभाष चौक के आसपास, शिवाजी रोड और लोहार टोला सहित विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

अभियान के दौरान जेसीबी की मदद से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और कुछ स्थानों पर बने निर्माण एवं सीढ़ियों को हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई के बाद शहर के कई हिस्सों में अतिक्रमण हटाए जाने का असर दिखाई दिया।

हालांकि, कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर विवाद की स्थिति भी देखने को मिली। जेसीबी से जमीन एवं सीढ़ियां तोड़े जाने को लेकर कुछ लोगों में नाराजगी देखी गई। कुछ स्थानीय लोगों ने कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अभियान के दौरान चुनिंदा लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई।

अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान प्रशासन एवं स्थानीय लोगों के बीच कई स्थानों पर बहस की स्थिति भी बनी। प्रशासन की ओर से अभियान के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी गई।