सुकरीगढ़ा लारी के आवासीय दिव्यांग विद्यालय में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : जिला प्रशासन, रामगढ़ एवं दीपशिखा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को स्पैस्टिक आवासीय विद्यालय, सुकरीगढ़ा लारी में दिव्यांगजनों के सहायतार्थ विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त ऋतुराज, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. प्रभात शंकर, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो, एलिम्को के प्रतिनिधियों तथा दीपशिखा संस्था के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

शिविर के दौरान दिव्यांगजनों का मेडिकल चेकअप किया गया। मौके पर योग्य लाभुकों के बीच दो यूडीआईडी कार्ड का वितरण भी किया गया। इसके अलावा दिव्यांगता प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति, पेंशन, स्वामी विवेकानंद निःशक्त स्वावलंबन योजना तथा नेशनल ट्रस्ट के तहत निरामया कार्ड और लीगल गार्जियनशिप सर्टिफिकेट से संबंधित जानकारी दी गई।

एलिम्को के प्रतिनिधियों ने भारत सरकार की एडीप योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत दिव्यांगजनों तथा 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी। इसके तहत व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल, बैसाखी सहित अन्य सहायक उपकरणों के लिए लाभुकों के चिह्नीकरण एवं पंजीकरण की प्रक्रिया साझा की गई।

इस दौरान दीपशिखा संस्था की ओर से दिव्यांगजनों की जरूरतों तथा विद्यालय के बुनियादी ढांचे का विस्तृत मूल्यांकन भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त कर इसे मॉडल दिव्यांग विद्यालय के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। यहां दिव्यांगता के प्रकार के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।

उपायुक्त ने अधिकारियों को दिव्यांगजनों को कौशल विकास का प्रशिक्षण देकर आजीविका से जोड़ने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ग्राम से प्रखंड स्तर तक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

उपायुक्त ने एलिम्को एवं दीपशिखा संस्था की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं तथा पात्र लाभुकों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।