पिंडरा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने चलाया विधिक जागरूकता अभियान

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रामगढ़ की ओर से मांडू प्रखंड के पिंडरा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘जस्टिस सर्किट’ अभियान के छठे दिन आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रामगढ़ मोहम्मद तौफीकुल हसन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अनिल कुमार के मार्गदर्शन में किया गया।

इस दौरान पैनल अधिवक्ता महेंद्र महतो एवं एलएडीसीएस असिस्टेंट ने उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और सरकारी विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों को बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों तथा समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों पर भी जानकारी दी गई। साथ ही न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने और कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया गया।

अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, कानूनी समस्याओं का समय पर समाधान कराने तथा समाज में विधिक जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर पारा विधिक स्वयंसेवक विनोद कुमार महतो, अजय प्रजापति, मुकेश महतो, निरंजन कुमार एवं विमल राम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।