टाटा वेस्ट बोकारो डिवीजन में महिला यौन उत्पीड़न की रोकथाम पर जागरूकता शिविर आयोजित

Spread the love

कार्यस्थल पर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, शिकायत प्रक्रिया और निःशुल्क विधिक सहायता की दी गई जानकारी

वेस्ट बोकारो (रामगढ़), झारखंड : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रामगढ़ के तत्वावधान में टाटा वेस्ट बोकारो डिवीजन के घाटो स्थित कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध एवं निवारण को लेकर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भेदभावमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना तथा उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रामगढ़ की ओर से चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल (सीएलएडीसी) संजीत कुमार सिंह और असिस्टेंट एलएडीसी मोहन महतो ने भाग लिया।

शिविर के दौरान अधिवक्ताओं ने कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों, महिलाओं के अधिकारों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की घटना महिलाओं के सम्मान और गरिमा को प्रभावित करने के साथ-साथ कानून के तहत दंडनीय भी हो सकती है।

आंतरिक शिकायत समिति की भूमिका पर दी जानकारी

कार्यक्रम में कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 के प्रमुख प्रावधानों पर प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही आंतरिक शिकायत समिति की भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में बताया गया। महिलाओं को बिना किसी भय या संकोच के शिकायत दर्ज कराने तथा उपलब्ध कानूनी सहायता का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समानता सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाने और सुरक्षित कार्य वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रामगढ़ की ओर से बताया गया कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों और विभिन्न संस्थानों के कर्मचारियों को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।

कार्यक्रम में पैरा लीगल वॉलंटियर्स विमल राम और निरंजन कुमार सहित टाटा वेस्ट बोकारो डिवीजन की अनामिका सिंह तथा अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।