रोहित प्रजापति की हत्या से आक्रोश, ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मांगी आरोपियों की गिरफ्तारी

Spread the love
घटना स्थल पर जांच करती पुलिस

अरगड्डा / रामगढ़ ( झारखंड ) :  रामगढ़ जिले के सिरका स्थित कहुआबेड़ा निवासी रोहित प्रजापति (39) की हत्या का मामला सामने आया है। मंगलवार रात हुई इस घटना के बाद उसका शव मंगरदाहा स्थित सिरका बुधबाजार पुल के समीप बरामद किया गया। जिस स्थान पर घटना हुई है वह क्षेत्र कुजू ओपी के अंतर्गत आता है। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। हत्या से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार सुबह सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहित पिछले दो वर्षों से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रामगढ़ में किराये के मकान में रह रहा था। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जाता है कि 20 अक्टूबर को वह अपने परिवार के साथ किराये के वाहन से अरगड्डा मेला घूमने निकला था। इसी दौरान रास्ते में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

मृतक की बेटी के अनुसार, रास्ते में माता-पिता के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसके पिता वाहन से उतर गए थे। इसके बाद रोहित के साथ क्या हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। बाद में कुजू पुलिस ने उसका शव मंगरदाहा स्थित पुल के पास से बरामद किया।

एक घंटे से अधिक समय तक रहा सड़क जाम

घटना से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार सुबह करीब आठ बजे सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया, जिसके बाद सुबह करीब 9:15 बजे जाम समाप्त हुआ।

जांच में जुटी पुलिस, विधायक ने की कार्रवाई की मांग

पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। हत्या के पीछे की वजह क्या थी और घटना में कौन-कौन शामिल हैं, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। मांडू विधायक निर्मल महतो ने भी पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।