ओरमांझी में मादा मोनी ने दिया बच्चे को जन्म, मां और नवजात की सेहत पर रखी जा रही नजर
रांची, झारखंड : रांची के ओरमांझी स्थित भगवान बिरसा जैविक उद्यान में गुरुवार की सुबह खुशियों का नया मेहमान आया। उद्यान में रहने वाली मादा दरियाई घोड़ा मोनी ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है। इस नए जन्म के साथ ही उद्यान में हिप्पोपोटेमस की कुल संख्या बढ़कर 11 हो गई है। नवजात के आगमन से उद्यान प्रबंधन में खुशी का माहौल है।
उद्यान के निदेशक जब्बर सिंह के अनुसार, हिप्पोपोटेमस के बच्चे का जन्म वन्यजीव संरक्षण और उनके सफल प्रजनन की दिशा में सकारात्मक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि उद्यान में वन्यजीवों की उचित देखभाल और संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
लालू और लिली की बेटी है मोनी
उद्यान प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक, मोनी का जन्म 20 जनवरी 2023 को हुआ था। वह लालू और लिली की बेटी है। अब मोनी स्वयं मां बनी है, जिससे उद्यान में हिप्पोपोटेमस के परिवार में एक नया सदस्य जुड़ गया है।
मां और बच्चे की सेहत पर विशेष निगरानी
नवजात दरियाई घोड़े और उसकी मां मोनी के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दोनों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि बच्चे के शुरुआती विकास और मां की सेहत का उचित ख्याल रखा जा सके।
भगवान बिरसा जैविक उद्यान में हुए इस जन्म को वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उद्यान प्रबंधन का जोर वन्यजीवों को बेहतर देखभाल उपलब्ध कराने और उनके प्राकृतिक व्यवहार के अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर है।