रामगढ़ जिला अधिवक्ता संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी, अध्यक्ष आनंद अग्रवाल और महासचिव सीताराम ने जताया आक्रोश
रामगढ़ कैंट, झारखंड : झारखंड उच्च न्यायालय, रांची की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर रामगढ़ जिला अधिवक्ता संघ ने गहरी चिंता और आक्रोश व्यक्त किया है। जिला अधिवक्ता संघ की कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक संघ के लाइब्रेरी हॉल में आयोजित की गई। बैठक में मामले की न्यायिक जांच कराने, घटना में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने और दोषियों को सजा दिलाने की मांग की गई।
संघ के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल और महासचिव सीताराम ने संयुक्त रूप से कहा कि अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की मौत से पूरा जिला अधिवक्ता संघ परिवार आहत है। उन्होंने मामले का शीघ्र उद्भेदन कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही न्यायालय में त्वरित सुनवाई के माध्यम से दोषियों को सजा दिलाने की बात कही।
अध्यक्ष और महासचिव ने कहा कि यदि हजारीबाग पुलिस प्रशासन जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं करता है और पूरे मामले का खुलासा नहीं किया जाता है, तो रामगढ़ जिला अधिवक्ता संघ आंदोलन करने को बाध्य होगा। संघ ने मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में संघ की ओर से स्थानीय विधायक ममता देवी के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि विधायक ममता देवी इस मामले में अधिवक्ताओं को अपना पूर्ण सहयोग दे रही हैं।
बैठक में संघ की उपाध्यक्ष ऋषि महतो, कोषाध्यक्ष हरखनाथ महतो, संयुक्त सचिव शंभू प्रसाद, लाइब्रेरियन शंभू तिवारी, उपकोषाध्यक्ष विकेश रंजन तथा कार्यकारिणी सदस्य मदन शर्मा, राजेंद्र महतो, टिकेंद्र महतो और मीनू कुमारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।