टूटीझरना शिव मंदिर में शिवलिंग के समीप पांच घंटे तक बैठा रहा विशालकाय अजगर

Spread the love

कुजू के प्राचीन शिव मंदिर में अजगर को देखने के लिए जुटे श्रद्धालु, पुजारी बोले- यहां आते रहते हैं वन्यजीव

कुजू (रामगढ), झारखंड :  भरेचनगर स्थित प्राचीन टूटीझरना शिव मंदिर में शनिवार की अहले सुबह उस समय कौतूहल का माहौल बन गया, जब शिवलिंग के समीप एक विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखकर मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे श्रद्धालुओं की नजरें वहीं ठहर गईं। देखते ही देखते मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अजगर शिवलिंग के समीप कुंडली मारकर बैठा रहा। इस दौरान करीब पांच घंटे तक वह उसी स्थान पर डटा रहा। मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने अजगर को शिवलिंग के पास देखकर आश्चर्य व्यक्त किया। कई लोगों ने इसे भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था से जोड़कर देखा। इस बीच श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करते रहे।

पुजारी ने बताया, मंदिर परिसर में आते रहते हैं वन्यजीव

मंदिर के पुजारी शैलेश पांडेय ने बताया कि टूटीझरना शिव मंदिर में सर्प, बिच्छू समेत अन्य वन्यजीव अक्सर दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु इन जीवों को परेशान नहीं करते और अब तक उनके अनुसार किसी श्रद्धालु को इनसे नुकसान पहुंचने की घटना सामने नहीं आई है। पुजारी ने इसे मंदिर से जुड़ी विशेष अनुभूति बताया।

पांच घंटे बाद अपने आप चला गया अजगर

शिवलिंग के समीप काफी देर तक रहने के बाद अजगर स्वतः वहां से निकल गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। मंदिर में अजगर के घंटों तक मौजूद रहने की घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।

टूटीझरना का प्राचीन शिव मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं के बीच विशेष धार्मिक आस्था का केंद्र है। यहां की इस घटना ने लोगों में कौतूहल पैदा कर दिया।

सावधानी : अजगर सामान्यतः मनुष्यों से बचने की कोशिश करता है, लेकिन उसके करीब जाना या उसे छूना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे वन्यजीव दिखाई देने पर दूरी बनाए रखना और वन विभाग को सूचना देना उचित है।