भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ के झारखंड परिमंडल अध्यक्ष बने रामेश्वर गोप, कमलेश्वर सिंह को मिली सचिव की जिम्मेदारी

Spread the love

हजारीबाग, झारखंड : भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ, झारखंड परिमंडल का द्विवार्षिक अधिवेशन रविवार को हजारीबाग में संपन्न हुआ। अधिवेशन में सर्वसम्मति से नए सत्र के लिए रामेश्वर गोप को झारखंड परिमंडल का अध्यक्ष तथा कमलेश्वर सिंह को परिमंडलीय सचिव नियुक्त किया गया। नई जिम्मेदारी मिलने पर डाक सेवकों ने दोनों पदाधिकारियों सहित नवचयनित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भारतीय डाक कर्मचारी संघ के संगठन के अभिभावक संतोष सिंह ने कहा कि उनका संगठन राष्ट्रहित, विभागहित और कर्मचारीहित में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि देश के लगभग तीन लाख ग्रामीण डाक सेवक डाक विभाग की रीढ़ हैं और विभाग को अपने इन कर्मचारियों पर गर्व है।

भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ के राष्ट्रीय महामंत्री दिनेश कुमार राय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में ग्रामीण डाक सेवकों का महत्वपूर्ण योगदान है। ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवक आम लोगों तक विभागीय सेवाएं और योजनाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर भारतीय डाक कर्मचारी संघ, समूह-सी के परिमंडलीय सचिव प्रभात रंजन ने कहा कि उनका संगठन देश सेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने डाक सेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में भारतीय डाक कर्मचारी संघ एक मजबूत संगठन के रूप में कार्य कर रहा है।

अधिवेशन के दौरान चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में हजारीबाग के सहायक डाक अधीक्षक मोहम्मद फैजान उपस्थित रहे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान नए सत्र के लिए पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया।

कार्यक्रम में वीरेंद्र कुमार मेहता, रामगढ़ के रविशंकर राय, राकेश कुमार, छोटेलाल मेहता, राजीव कुमार मिश्रा, शैलेंद्र कुमार सिंह, संजय कुमार, दीपक कुमार दीपक, नारायण मांझी, जितेंद्र सिंह, जय हिंद कुमार अरुण, प्रकाश कुमार हेम्ब्रम, सूर्यदेव कुमार, सलिल कुमार, मोबिन अंसारी और मोहम्मद नसीम सहित सैकड़ों डाक सेवक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अधिवेशन के समापन पर उपस्थित डाक सेवकों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने और ग्रामीण डाक सेवकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने की दिशा में कार्य करेगा।