कुजू के श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट हादसे की जांच तेज, फैक्ट्री निरीक्षक और अग्निशमन अधिकारी ने लिया जायजा

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में हुए हादसे की जांच तेज हो गई है। रविवार को फैक्ट्री निरीक्षक राहुल कुमार और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मंटू कुमार ने प्लांट पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

हादसे में घायल चार मजदूरों में से मामूली रूप से चोटिल दो मजदूर बिट्टू कुमार और राहुल कुमार के ड्यूटी पर लौटने की जानकारी सामने आई है। वहीं, अन्य दो घायल मजदूरों को घर भेज दिया गया है। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया था।

ब्रेकर मशीन के ट्रिप होने से बंद हुई भट्ठी : प्रबंधन

घटना को लेकर प्लांट प्रबंधन ने अपनी ओर से जानकारी दी है। प्रबंधन के अनुसार, बिजली की आपूर्ति में उतार-चढ़ाव से निपटने के लिए लगाई गई ब्रेकर मशीन के ट्रिप होने के कारण फर्नेस (भट्ठी) बंद हो गई थी। प्रबंधन ने इसी घटनाक्रम को हादसे की वजह बताया है।

सुरक्षा मानकों की भी होगी जांच

हादसे के बाद अधिकारियों के निरीक्षण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जांच के दौरान घटना के कारणों, सुरक्षा मानकों के पालन और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

अधिकारियों के निरीक्षण के बाद जांच के निष्कर्ष सामने आने पर ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।