रामगढ़ में स्कूली बच्चों को पॉक्सो कानून और साइबर अपराध से बचाव के प्रति किया जागरूक

Spread the love

जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने तीन विद्यालयों में चलाया जागरूकता अभियान, बच्चों को बताए सुरक्षा और अधिकारों के उपाय

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रामगढ़ की ओर से सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को जिले के तीन विद्यालयों में जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इसके तहत विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, 2012, बच्चों के अधिकारों एवं सुरक्षा तथा साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

यह जागरूकता अभियान रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बाजार समिति, रामगढ़ उच्च विद्यालय, कोयरी टोला और कस्तूरबा गांधी हाई स्कूल, मांडूआटांड़ में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान राम जी, उप मुख्य विधिक सहायता बचाव अधिवक्ता (डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल), रामगढ़ तथा अभिनव कुमार, सहायक विधिक सहायता बचाव अधिवक्ता (असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल), रामगढ़ ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

विद्यार्थियों को बताया गया कि जागरूकता और सतर्कता के माध्यम से वे स्वयं को असुरक्षित परिस्थितियों से बचा सकते हैं। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए बच्चों को ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सावधानी बरतने, अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही, ऐसी स्थिति सामने आने पर उचित कदम उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि कानून की जानकारी होना उनकी सुरक्षा के अधिकार को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जागरूक बचपन ही सुरक्षित भविष्य की नींव है।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पीएलवी निरंजन कुमार, किशोर कुमार मुंडा, आकाश कुमार, उमेश कुमार गुप्ता, मीना कुमारी, पूनम देवी, सरिता गोस्वामी, सीता देवी एवं टिकेश्वर प्रसाद की सराहनीय भूमिका रही।