छावनी परिषद रामगढ़ के नामित सदस्य बने सरदार अनमोल सिंह, भारत सरकार के गजट में अधिसूचना जारी

Spread the love

लंबे समय से नागरिक प्रतिनिधि के बिना संचालित हो रहा था तदर्थ बोर्ड, सांसद मनीष जायसवाल ने प्रस्तावित किया था नाम

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  छावनी परिषद रामगढ़ के पूर्व उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि सरदार अनमोल सिंह को छावनी परिषद रामगढ़ के तदर्थ बोर्ड का नामित सदस्य मनोनीत किया गया है। इस संबंध में भारत सरकार के गजट में अधिसूचना भी प्रकाशित कर दी गई है। मनोनयन के बाद छावनी परिषद में नागरिक प्रतिनिधित्व की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है।

जानकारी के अनुसार, छावनी परिषद में तदर्थ बोर्ड के गठन के बाद एक महिला नेत्री को नामित सदस्य बनाया गया था। हालांकि, एक आपराधिक मामले में नाम आने के बाद उक्त महिला नेत्री का नाम हटा दिया गया था। इसके बाद से बोर्ड बिना किसी नागरिक प्रतिनिधि के संचालित हो रहा था।

इस स्थिति को देखते हुए हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने छावनी परिषद रामगढ़ के नामित सदस्य के रूप में सरदार अनमोल सिंह के नाम का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद रक्षा मंत्रालय के रक्षा संपदा विभाग ने सरदार अनमोल सिंह को परिषद के तदर्थ बोर्ड का नामित सदस्य मनोनीत किया है।

सरदार अनमोल सिंह के शीघ्र ही पदभार ग्रहण करने की संभावना है। उनके मनोनयन से छावनी परिषद के बोर्ड में नागरिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होने और स्थानीय मुद्दों को परिषद के समक्ष रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।