श्री कृष्ण विद्या मंदिर की दीक्षा वर्मा ने राज्य स्तरीय वालीबॉल चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक

Spread the love

कक्षा चौथी की छात्रा ने नौवीं मिनी झारखंड राज्य वालीबॉल चैंपियनशिप 2026-27 में हासिल की सफलता, विद्यालय में हुई सम्मानित

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  श्री कृष्ण विद्या मंदिर की कक्षा चौथी ‘ब’ की प्रतिभाशाली छात्रा दीक्षा वर्मा ने नौवीं मिनी झारखंड राज्य वालीबॉल चैंपियनशिप 2026-27 में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और रामगढ़ का नाम रोशन किया है। 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दीक्षा की सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

यह प्रतियोगिता जिला वालीबॉल एसोसिएशन, दुमका की ओर से झारखंड वालीबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित की गई थी। कम उम्र में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करना दीक्षा की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर अभ्यास से कम उम्र में भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।

दीक्षा की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षा का स्वर्ण पदक केवल उसकी व्यक्तिगत विजय नहीं, बल्कि विद्यालय के गौरव और प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर छिपी असीम संभावनाओं का प्रतीक है।

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय की प्रातःकालीन सभा में दीक्षा वर्मा को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या गुरप्रीत कौर, उपप्राचार्य विजय तिवारी और खेल शिक्षक मनोरंजन चौधरी ने दीक्षा को सम्मानित कर उसकी उपलब्धि की सराहना की।

सम्मान समारोह के दौरान दीक्षा के माता अंजू कुमारी वर्मा और पिता राजीव कुमार भी मंच पर उपस्थित रहे। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार सहित विद्यालय परिवार गौरवान्वित है। दीक्षा की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी खेलकूद के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को हासिल करने की प्रेरणा बनेगी।