चैंबर अध्यक्ष मंजीत साहनी ने जताई विकास को नई गति मिलने की उम्मीद, वार्ड नंबर 8 को प्रतिबंधमुक्त कराने की पहल पर भी जताया भरोसा
रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से छावनी परिषद रामगढ़ के नवनियुक्त नामित सदस्य सरदार अनमोल सिंह का भव्य स्वागत किया गया। चैंबर के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सरदार अनमोल सिंह को बुके भेंट कर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष मंजीत साहनी ने कहा कि यह सभी के लिए गौरव की बात है कि उनके बीच के एक सक्रिय सदस्य को केंद्र सरकार द्वारा छावनी परिषद रामगढ़ का नामित सदस्य बनाया गया है। सरदार अनमोल सिंह को छावनी परिषद के सदस्य और उपाध्यक्ष के रूप में कई वर्षों तक कार्य करने का अनुभव है। वे छावनी परिषद के कामकाज और क्षेत्र की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सरदार अनमोल सिंह के कार्यकाल में रामगढ़ छावनी क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। आम जनता से जुड़ी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान होगा। उन्होंने सरदार अनमोल सिंह के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल कार्यकाल की कामना की।
वहीं, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने कहा कि सरदार अनमोल सिंह के नामित सदस्य बनने से छावनी परिषद क्षेत्र में विकास की नई पहल शुरू होने की उम्मीद है। यह दायित्व उनकी कर्मठता, जनसेवा के प्रति अटूट निष्ठा और कुशल नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास को लेकर सरदार अनमोल सिंह का जो दृष्टिकोण है, उसका लाभ छावनी परिषद क्षेत्र की आम जनता को मिलेगा।
आनंद अग्रवाल ने आशा व्यक्त की कि सरदार अनमोल सिंह के प्रयासों से प्रतिबंधित क्षेत्र वार्ड नंबर 8 को प्रतिबंधमुक्त कराने की दिशा में भी जल्द रास्ता साफ हो सकेगा। इससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष अमरेश गणक, कार्यकारिणी सदस्य विवेक अग्रवाल (अधिवक्ता), उपसमिति के सभापति रमेश बंदिया, पलविंदर सिंह जैसल, विमल जाजू सहित अन्य लोग उपस्थित थे।