उपायुक्त ऋतुराज के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन, पीवीयूएनएल और एलिम्को के सहयोग से जरूरतमंदों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण एवं मूल्यांकन
पतरातू (रामगढ़), झारखंड : दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रामगढ़ की ओर से पतरातू प्रखंड में विशेष मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त ऋतुराज के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए।
शिविर का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं देखरेख में पीवीयूएनएल (PVUNL) पतरातू के सहयोग तथा एलिम्को (ALIMCO) के विशेषज्ञ दल की सहभागिता से किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को चिह्नित कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराना है।
शिविर में पतरातू प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लाभार्थियों का एलिम्को के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं तकनीकी दल द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण और शारीरिक स्थिति का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। इस दौरान प्रत्येक लाभार्थी की व्यक्तिगत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक उपकरणों के लिए पात्रता निर्धारित की गई।
प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने स्वयं शिविर स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा लाभार्थियों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
दिसंबर 2026 में होगा उपकरणों का वितरण
मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चिह्नित किए गए पात्र लाभार्थियों को आगामी दिसंबर 2026 में आयोजित होने वाले वितरण समारोह में विभिन्न प्रकार के आधुनिक सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस संयुक्त पहल में जिला प्रशासन रामगढ़, प्रखंड विकास कार्यालय पतरातू, पीवीयूएनएल पतरातू एवं एलिम्को की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस पहल से दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को दैनिक जीवन में होने वाली परेशानियों को कम करने और आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।
जिला प्रशासन की इस पहल को समाज के जरूरतमंद वर्गों को सम्मानजनक एवं बेहतर जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।