पेंशनभोगियों की समस्याओं के समाधान और डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र शिविर को लेकर एसबीआई के मुख्य प्रबंधक प्रत्यूष कुमार को किया आमंत्रित
रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ जिला पेंशनर कल्याण समाज की मासिक बैठक जिला कार्यालय, पुराना अनुमंडल परिसर में जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई। इसके बाद पेंशनभोगियों के कल्याण और संगठन के विस्तार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में पेंशनभोगियों की समस्याओं के समाधान के लिए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से समन्वय स्थापित करने तथा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र शिविर आयोजित करने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। इस उद्देश्य से एसबीआई रामगढ़ के मुख्य प्रबंधक श्री प्रत्यूष कुमार को मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से श्री सत्येंद्र प्रसाद को रामगढ़ प्रखंड का सचिव नियुक्त किया गया। वहीं, छठ पर्व के बाद संगठन की सदस्यता बढ़ाने के लिए सघन सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक समाप्त होने के बाद जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसबीआई रामगढ़ के मुख्य प्रबंधक प्रत्यूष कुमार से मुलाकात कर उन्हें दीपावली से पूर्व जिला कार्यालय आने का निमंत्रण दिया। मुख्य प्रबंधक ने निमंत्रण सहर्ष स्वीकार करते हुए 5 नवंबर 2026 को अपराह्न 4 बजे जिला कार्यालय आने की सहमति दी।
बैठक में उपाध्यक्ष वृंदावन सिंह, सचिव छोटू लाल मोदी, संरक्षक दिलीप साहा, गजाधर साहू, देवशरण महतो, सत्येंद्र प्रसाद, मन नारायणन सिंह, सुधीर किशोर तिवारी, रतन गोस्वामी, रामप्रसाद महतो, कृष्णा प्रसाद एवं महावीर राम दास सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
एसबीआई के मुख्य प्रबंधक से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष वृंदावन सिंह, गजाधर साहू, संरक्षक दिलीप साहा, सत्येंद्र प्रसाद एवं महावीर राम दास शामिल थे।