रांची में 80 लाख की विदेशी शराब से लदा ट्रक गायब, 1100 पेटी शराब लेकर चालक भी लापता

Spread the love

रांची, झारखंड : राजधानी रांची के तुपुदाना औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री के बाहर से करीब 80 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब लदा ट्रक रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया। ट्रक में रॉयल चैलेंज और मैकडॉवेल्स नंबर-1 ब्रांड की कुल 1100 पेटी शराब रखी हुई थी। ट्रक को बोकारो भेजा जाना था, लेकिन निर्धारित समय पर उसके नहीं मिलने और चालक का मोबाइल बंद पाए जाने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। इस संबंध में 31 अक्टूबर को तुपुदाना ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

परमिट नहीं मिलने के कारण फैक्ट्री के बाहर खड़ा था ट्रक

मिली जानकारी के अनुसार, अजंता बॉटलर्स एंड ब्लेंडर्स प्राइवेट लिमिटेड में 29 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे ट्रक संख्या JH01CA-8807 शराब की खेप लेने पहुंचा था। बेलकम इंटरप्राइजेज के ट्रांसपोर्टर एग्जीक्यूटिव दीपक कुमार सिंह के अनुसार, यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड के साथ हुए परिवहन समझौते के तहत शराब की 1100 पेटियां बोकारो स्थित जेएसबीसीएल भेजी जानी थीं।

ट्रक में शराब लोड होने के बाद विभागीय पोर्टल में तकनीकी खराबी के कारण ऑनलाइन परमिट जारी नहीं हो सका। इसके चलते कंपनी के निर्देश पर ट्रक को फैक्ट्री के बाहर खड़ा कर दिया गया। चालक को बताया गया था कि 30 अक्टूबर को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह शराब लेकर बोकारो रवाना होगा।

तय समय पर गायब मिला ट्रक, चालक का फोन बंद

दीपक कुमार सिंह के मुताबिक, 30 अक्टूबर को शाम करीब 4:45 बजे ट्रक को बोकारो भेजने की तैयारी थी। कंपनी के प्रतिनिधि जीत कुमार जब निर्धारित स्थान पर पहुंचे तो वहां ट्रक मौजूद नहीं था। आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

इसके बाद चालक के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका फोन लगातार बंद मिला। चालक के परिजनों से जानकारी लेने पर पता चला कि 30 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे उनकी आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद से चालक से संपर्क नहीं हो पाया है।

ट्रांसपोर्टर ने ट्रक मालिक एवं चालक की मिलीभगत से शराब गायब किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

चालक की पत्नी ने भी दर्ज कराई गुमशुदगी की शिकायत

दूसरी ओर, ट्रक चालक नागेंद्र सिंह की पत्नी अंबिका देवी (43) ने भी तुपुदाना ओपी में अपने पति के लापता होने को लेकर आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि 29 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे पति से उनकी बातचीत हुई थी। उस दौरान पति ने बताया था कि वह यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड के बाहर ट्रक खड़ा कर शराब लोड करवा रहे हैं। साथ ही परमिट और चालान नहीं मिलने की बात भी कही थी।

अंबिका देवी के अनुसार, 30 अक्टूबर से उनके पति से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। उनका मोबाइल भी लगातार बंद मिल रहा है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

एक तरफ करीब 80 लाख रुपये की शराब से लदा ट्रक गायब है, तो दूसरी तरफ चालक के लापता होने से मामला और पेचीदा हो गया है। तुपुदाना ओपी प्रभारी सिद्धांत कुमार ने बताया कि ट्रक का चालक और मालिक एक ही व्यक्ति है। पुलिस को मामले की जानकारी मिली है और जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस के सामने ट्रक, शराब की खेप और चालक का पता लगाने की चुनौती है। जांच पूरी होने के बाद ही इस पूरे मामले की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो पाएगी।