रामगढ़ कैंट, झारखंड : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर से जुड़ी कथित शर्मनाक घटना के विरोध में भाजपा रामगढ़ कैंट मंडल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय के नेतृत्व में रविवार शाम पांच बजे सुभाष चौक के समीप मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन में शामिल भाजपा नेताओं ने गम्हरिया थाना प्रकरण को गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। वक्ताओं का कहना था कि जब सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले संस्थानों से ही इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, तो आम लोगों का भरोसा प्रभावित होता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़िताओं को न्याय दिलाने की मांग की।
कानून-व्यवस्था पर भाजपा ने उठाए सवाल
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने मांग की कि गम्हरिया प्रकरण में दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
सुशांत कुमार पांडेय ने कहा कि जब तक पीड़िताओं को न्याय नहीं मिलता और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक भाजपा अपना विरोध जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर पार्टी चुप नहीं बैठेगी।
ये रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन में शैलेंद्र पटेल, रंजन सिंह फौजी, राजीव पामदत्त, कुणाल दास, रमेश करमाली, शशि शेखर सिंह, राजेश ठाकुर, शीतल सिंह, विनीता सिंह, ऋषिकेश सिंह, सौरभ जायसवाल, अमित ठाकुर, संदीप मिश्रा, रोशन जायसवाल, रवि गुप्ता, देव कुमार, पुष्पा देवी, रीना देवी, सुनीता देवी, सूरज पासवान, विजय खटीक, अंशु पांडेय एवं नीरज प्रताप सिंह सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।