रांची, झारखंड : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) सदस्य पद के लिए चार नवंबर को चुनाव कराया जाएगा। चुनाव में काउंसिल के 25 सदस्य और राज्य के महाधिवक्ता सहित कुल 26 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी न्यायमूर्ति अंबुज नाथ के अनुसार, मतदान की प्रक्रिया चार नवंबर को पूर्वाह्न 11:15 बजे शुरू होगी। चुनाव को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अध्यक्ष पद के लिए अभय कुमार चतुर्वेदी और निलेश कुमार के बीच सीधा मुकाबला होगा। वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें अनिल कुमार महतो, मधुलता रानी, मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव और रिंकू भकत शामिल हैं।
इसके अलावा बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य पद के लिए मनोज कुमार (नंबर-टू), प्रशांत कुमार सिंह और संजय कुमार विद्रोही अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
अब सभी की निगाहें चार नवंबर को होने वाले मतदान और उसके बाद आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।