रामगढ़, झारखंड : आगामी त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में औचक जांच अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर विभाग की टीम ने कुजू के नया मोड़ स्थित विभिन्न होटल एवं मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह एवं डेरिक तिग्गा के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान होटल ठाकुर, होटल प्रकाश चंद्र, रामविलास होटल, जय श्री श्याम स्वीट्स और होटल गोविंद साव का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान रसगुल्ला, गुलाब जामुन और कलाकंद के नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। वहीं, बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के प्रतिष्ठान संचालित करने और हानिकारक रंगों के इस्तेमाल से जुड़ी अनियमितताएं पाए जाने पर दो दुकानों से एक-एक हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बोंगबार स्थित शिव रुद्र इंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच टीम ने दुकानदारों एवं होटल संचालकों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, किसी भी स्थिति में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने तथा प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों एवं पेय पदार्थों का भंडारण और उपयोग नहीं करने की हिदायत दी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही बरतने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।