हरिना बाजार में वाहन को रास्ता देने पर विवाद, सांसद और झामुमो नेता के पुत्रों के बीच तीखी नोकझोंक

Spread the love

बाघमारा (धनबाद), झारखंड  :  हरिना बाजार में शुक्रवार की शाम वाहन को रास्ता देने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान धनबाद के सांसद ढुलू महतो के पुत्र प्रशांत कुमार और झामुमो नेता कारू यादव के पुत्र विनोद यादव की गाड़ियां आमने-सामने आ गईं। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हंगामे का रूप ले लिया। इसके कारण हरिना-गोमो मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम लगभग 7:30 बजे प्रशांत कुमार अपने सहयोगियों के साथ निजी कार (5252) से गोमो की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान हरिना बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास उनकी गाड़ी का सामना विनोद यादव की काले रंग की कार (जेएच10डीएच 0141) से हो गया। विनोद यादव भी अपने समर्थकों के साथ गोमो की ओर जा रहे थे। बाजार में पहले से भीड़ और सड़क संकरी होने के कारण दोनों वाहनों को निकलने में परेशानी हुई। रास्ता देने को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से समर्थक भी जुटने लगे। इस बीच बाजार के दुकानदारों ने सड़क पर हंगामे और जाम को लेकर नाराजगी जताई। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति बिगड़ने की सूचना पर बाघमारा और बरोरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बरोरा थाना प्रभारी अभय कुमार और बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला। पुलिस ने भीड़ को हटाने और वाहनों को निकलवाने का प्रयास किया। इसी दौरान कारू यादव के पुत्र के समर्थकों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए पहले विनोद यादव की गाड़ी को आगे बढ़वाया और फिर सांसद पुत्र की कार को सुरक्षित वहां से निकलवाया। काफी मशक्कत के बाद भीड़ को सड़क से हटाया जा सका। रात करीब 9 बजे यातायात सामान्य हुआ।

घटना के कारण हरिना बाजार के कारोबारियों, वाहन चालकों और आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।