रामगढ़, झारखंड :रामगढ़ जिले में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) की बहाली के लिए चल रही शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा शुक्रवार को संपन्न हो गई। अंतिम दिन सिद्धू-कान्हू मैदान में पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। निर्धारित 920 अभ्यर्थियों में से 647 उपस्थित रहीं, जबकि 273 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहीं।
इसके साथ ही जिले में निर्धारित कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए आयोजित बहाली परीक्षा की प्रक्रिया पूरी हो गई। जिला प्रशासन के अनुसार पूरी परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।
अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा पर रहा जोर
बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से परीक्षा स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास के साथ अनुशासन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी गई।
परीक्षा स्थल पर अभ्यर्थियों के अलावा अन्य लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। वहीं, परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन समेत किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं थी।
प्रशासनिक निगरानी में पूरी हुई बहाली प्रक्रिया
परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रतिनियुक्त प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों तथा कर्मियों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की गई, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी या कदाचार की गुंजाइश नहीं रहे।
जिला प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों और संबंधित कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।