कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू ओपी क्षेत्र के दिगवार रेलवे ओवरब्रिज के समीप शुक्रवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से करीब 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रबोध निवासी मनीष शर्मा, पिता स्वर्गीय बिहारी ठाकुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मनीष शर्मा शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे अपने दो साथियों राहुल सिंह और छोटेलाल सिंह के साथ दिगवार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में वायरिंग का काम करने जा रहे थे। इसी दौरान एक साथी शौच के लिए रेलवे लाइन के पास रुक गया। बताया जाता है कि मनीष शर्मा भी रेलवे ट्रैक की ओर जाकर बैठ गए। इसी बीच वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर कुजू ओपी के एएसआई वीरेंद्र कुजूर सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। वहीं, मनीष शर्मा की मौत की खबर रबोध स्थित उनके घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।