दीपावली पर फुटपाथ दुकानें लगाने का अवसर मिलने पर शंकर चौधरी का दुकानदारों ने आभार प्रकट करते हुए किया स्वागत

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखण्ड : दीपावली के अवसर पर फुटपाथ दुकानदारों को दुकान लगाने का अवसर मिलने से उत्साहित रामगढ़ फुटपाथ दुकानदार संघ के सदस्यों ने शंकर चौधरी के आवास पर पहुंचकर उनका आभार जताया। इस दौरान दुकानदारों ने फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया।

मौके पर दुकानदारों ने कहा कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर शंकर चौधरी की वजह से दुकान लगाने का अवसर मिलने से गरीब परिवारों को जीविकोपार्जन में काफी मदद मिली। फुटपाथ पर दुकान लगाकर ही कई परिवार अपना और अपने बच्चों का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में त्योहार के समय दुकान लगाने का अवसर मिलना उनके लिए बड़ी राहत है।

इस दौरान दुकानदारों ने छावनी परिषद द्वारा अतिक्रमण के नाम पर फुटपाथ दुकानदारों को परेशान करने, कथित रूप से अवैध वसूली करने और गरीब दुकानदारों को धमकाने का आरोप भी लगाया। इस पर शंकर चौधरी ने दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि वे हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं और आगे भी उनके अधिकारों की लड़ाई में साथ रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान दुकानदारों ने अनुमंडल पदाधिकारी और छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि फुटपाथ दुकानदारों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए उनके हितों की रक्षा की जानी चाहिए। दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ पर दुकान लगाकर रोजी-रोटी कमाना उनकी मजबूरी है और वे आगे भी अपने रोजगार के अधिकार के लिए आवाज उठाते रहेंगे।

इस अवसर पर रामगढ़ युवा संघ के अध्यक्ष प्रभात अग्रवाल, नरेश प्रसाद अग्रवाल, चंद्रमा सोनकर, अशोक कुमार अग्रवाल, सुनील कुमार अग्रवाल, विजय अग्रवाल, राम संदीप पंडित, सनोज सोनकर, मोहम्मद मुस्तफा, कमलेश सोनकर, अशोक कुमार, राजू कुमार, बबलू, सुरेंद्र कुमार, अमित कुमार, कृष्ण कुमार, उमेश कुमार, दीपू कुमार, मुन्ना अग्रवाल, रवि, श्याम, गुल्लू, छोटू और मृत्युंजय केसरी सहित बड़ी संख्या में फुटपाथ दुकानदार उपस्थित थे।