रामगढ़, झारखंड : छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं और छठव्रतियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। घाटों पर किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मछुआरों, तैराकों और गोताखोरों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है।
इसी क्रम में उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर मंगलवार को बिजुलिया स्थित जिला मत्स्य कार्यालय में जिला मत्स्य पदाधिकारी अरूप कुमार चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों के मछुआरों, तैराकों और गोताखोरों ने हिस्सा लिया।
बैठक में जिला मत्स्य पदाधिकारी ने सभी को अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान संबंधित क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहने और अधिकारियों से मिलने वाले निर्देशों का त्वरित अनुपालन करने को कहा। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा किसी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध नावों की संख्या और उनकी स्थिति की भी समीक्षा की गई। आवश्यकता के अनुसार नावों की तैनाती और आपातकालीन परिस्थितियों में उनके उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन छठ महापर्व के दौरान सभी घाटों पर सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था मजबूत रखने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में शांतिपूर्ण तरीके से छठ महापर्व संपन्न कर सकें।