धनबाद, झारखंड: धनबाद के पूर्व सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर उर्फ ददई दुबे का गुरुवार की रात दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और इलाज के लिए दिल्ली में भर्ती थे। उन्होंने गुरुवार देर रात अंतिम सांस ली।
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके निधन की पुष्टि की। बताया गया कि बुधवार को ही ठाकुर दिल्ली स्थित अस्पताल में ददई दुबे से मिलने पहुंचे थे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
ददई दुबे सिर्फ एक राजनेता नहीं, बल्कि मज़दूर वर्ग की आवाज़ थे। वे भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के भी वरिष्ठ नेता थे और मज़दूरों के हक की लड़ाई हमेशा मजबूती से लड़ते रहे। ददई दूबे पलामू के विश्रामपुर से कई बार विधायक तथा धनबाद संसदीय क्षेत्र से एक बार सांसद रह चुके थें। साथ ही वे झारखंड सरकार में मंत्री भी रह चुके थे।
उनके निधन की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पूरे पलामू जिले व धनबाद जिले समेत पूरे झारखंडमें शोक की लहर दौड़ गई है। कई नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है और उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया है।