रामगढ़, झारखंड :हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा से समाजसेवी राजेश सिन्हा की गिरफ्तारी के बाद भाजपा में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। रविवार को रामगढ़ पहुंचे हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने रामगढ़ के होटल शिवन इन सभागार में प्रेस- कांफ्रेंस करके इस घटना को लेकर हेमंत सरकार पर राष्ट्र-विरोधी ताकतों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि एक आदिवासी महिला का सहयोग करना समाजसेवी राजेश सिन्हा को भारी पड़ गया। उन्होंने बताया कि राजेश सिन्हा ने उस अपराधी को पकड़ा था जो महिला का यौन शोषण कर उसका अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहा था। पुलिस की लापरवाही के कारण आरोपी आफताब अंसारी थाने से भाग निकला और दुर्घटना का शिकार हो गया ।
सांसद मनीष जायसवाल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के मंत्रियों और सत्ताधारी नेताओं के दबाव में आकर निर्दोष राजेश सिन्हा को साजिश का शिकार बनाया गया। उन्होंने रामगढ़ पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा की। जायसवाल ने कहा कि भाजपा इस अन्यायपूर्ण गिरफ्तारी की कड़ी भर्त्सना करती है।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेसी नेताओं द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी पर की गई टिप्पणी का भी करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने एक आदिवासी महिला के साथ हुए अन्याय पर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। यही काम सभी भाजपाई और समाजसेवी करते हैं। अगर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करना अपराध है, तो हम ऐसे अपराध रोज करेंगे।
सांसद जायसवाल ने रामगढ़ पुलिस पर आपराधिक मामले को सांप्रदायिक रंग देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि जिस आदिवासी महिला ने यौन शोषण और ब्लैकमेल का आरोप लगाया था उस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि उस मामले में दो आरोपी थे – शमीम अंसारी (अर्शी गार्मेंट दुकान का मालिक) और आफताब अंसारी। शमीम अंसारी पर पहले भी कई गंभीर आरोप लग चुके हैं और प्राथमिकी दर्ज है फिर भी उसकी गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने पुलिस पर दबाव बनाया है, वे समाज में वैमनस्य फैलाना चाहते हैं।
इस अवसर पर बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, भाजपा नेता रणंजय कुमार उर्फ कुटू बाबू, सांसद प्रतिनिधि रंजीत पांडेय, रामगढ़ जिले के सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, भाजपा नेता शीतल सिंह, राजू चतुर्वेदी, रंजन फौजी, रामगढ़ विधानसभा के सांसद मीडिया प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटुस, सांसद प्रतिनिधि सरदार अनमोल सिंह, विजय जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष सूर्यवंश श्रीवास्तव सहित कई भाजपा नेता मौजूद थे।