ईस्टर्न टेक्नोलॉजी कॉन्क्लेव 2025 : झारखंड में रक्षा क्षेत्र में नए युग की शुरुआत

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  सैन्य रक्षा उत्पादों में क्षेत्रीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ईस्टर्न टेक्नोलॉजी कॉन्क्लेव 2025 का आयोजन 17 से 19 सितंबर तक रांची के खेलगांव में किया जाएगा। यह त्रिदिवसीय आयोजन झारखंड में औद्योगिक विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। लघु उद्योग भारती के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष श्री विजय मेवाड़ ने इस बाबत आयोजित एक बैठक में कहा कि यह पहला अवसर है जब झारखंड में इस स्तर का रक्षा-केंद्रित टेक्नोलॉजी कॉन्क्लेव हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ के अथक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह कॉन्क्लेव प्रदेश के उद्यमियों के लिए नवीन संभावनाओं के द्वार खोलेगा और हजारों कामगारों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। ईस्टर्न टेक्नोलॉजी कॉन्क्लेव 2025 न केवल झारखंड में रक्षा क्षेत्र में निवेश को आकर्षित करेगा, बल्कि स्थानीय लघु एवं मध्यम उद्यमों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने का भी मंच प्रदान करेगा।

यह महत्वपूर्ण बैठक रांची के रामदास होटल में आयोजित की गई, जिसमें उद्योग जगत और रक्षा क्षेत्र के कई प्रमुख प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में राष्ट्रीय सचिव श्री इंद्र अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री श्री विनोद अग्रवाल, निवर्तमान अध्यक्ष श्री विजय छापरिया, उपाध्यक्ष श्री सत्यप्रकाश पांडे, संयुक्त महामंत्री श्री प्रकाश हेतमसरीया, श्री अजय भंडारी सहित लघु उद्योग भारती के कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।

इसके अतिरिक्त, एफजेसीसीआई के अध्यक्ष श्री परेश गट्टानी, सचिव श्री आदित्य मल्होत्रा, सीआईआई के अध्यक्ष श्री प्रभात कुमार, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री अजय मारू, जेसिया के सचिव श्री दीपक मारू, तथा राज्य के अन्य प्रतिष्ठित उद्यमी एवं भारतीय सेना के वरीय अधिकारी भी इस बैठक में मौजूद रहे।